तिलहर में गायों को टक्कर मारने वाला आरोपी बस चालक। स्रोत: संगठन
तिलहर। निगोही मार्ग पर शनिवार को सुबह रोडवेज की बस दो गायों से टकरा गई। टक्कर लगने से दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बस चालक असलम का पीछा कर पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
रोडवेज की बस रोजाना सुबह पुवायां से निगोही और तिलहर होते हुए बरेली जाती है। शनिवार को सुबह करीब 7:30 बजे बस रटा पुल के पास कुदकापुर पहुंची। तभी दोनों गायों से तेज रफ्तार बस टकरा गई। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने पीछा कर रेलवे फाटक के पास चालक को पकड़ लिया।
पुलिस ने बस थाने में खड़ा करा ली। मामले में दीपक शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने बस चालक असलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर से दो गायों की मौत को लेकर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।