मीरानपुर कटरा। दातागंज-गढि़यारंगीन मार्ग की गल्ला आढ़त पर चोरों ने बुधवार की रात शटर तोड़ने के बाद ढाई लाख रुपये व 30 बोरा तिल चोरी कर लिया।
मोहल्ला कायस्थान निवासी गौरव गुप्ता की गल्ला आढ़त का चोरों ने शटर तोड़ दिया। आढ़त के अंदर रखी अलमारी को उठा ले गए। आढ़त के पीछे विनोद पाठक के खेत में अलमारी को तोड़ने के बाद ढाई लाख रुपये चोरी कर लिए। इसके अतिरिक्त 30 बोरा तिल भी ले गए। तिल की कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। सुबह सात बजे गांव के सोनू मौर्या की सूचना पर चोरी की जानकारी हुई। चोरी की घटना के बाद व्यापारियों की भीड़ लग गई। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई। रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया जाएगा।
चोरी से गश्त पर खड़े हुए सवाल
चोरी की घटना के बाद पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। चोर शटर को तोड़ने के बाद आसानी से अलमारी निकाल ले गए। खेत में चोरों ने अलमारी से नकदी भी उड़ा दी और पुलिस को खबर तक नहीं लगी। जबकि अधिकारी लगातार गश्त को बढ़ाने के निर्देश देते रहते हैं।