शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 751 ग्राम अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक बाइक भी कब्जे में ली है।
सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि मंगलवार शाम लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सरयू पुलिया के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लालपंप के पास दो युवक मादक पदार्थ की तस्करी के उद्देश्य से खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर कटरा के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी अनवर और उसके पड़ोसी जीशान को दबोच लिया।
तलाशी में दोनों के पास से 751 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अफीम की खरीद-फरोख्त करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।