शाहजहांपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने त्रि-साप्ताहिक छेहरटा-वाराणसी-छेहरटा सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर दिया है। नई रेल सेवा के शुरू होने से पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ ही शाहजहांपुर के यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 14624 छेहरटा-वाराणसी सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को छेहरटा से रवाना होगी। यह ट्रेन शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर रात 2:16 बजे पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद वाराणसी के लिए रवाना होगी।
वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 14623 वाराणसी-छेहरटा सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को वाराणसी से चलेगी। यह ट्रेन शाहजहांपुर स्टेशन पर रात 3:03 बजे पहुंचेगी और निर्धारित ठहराव के बाद आगे के लिए रवाना होगी।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि इस नई रेल सेवा के शुरू होने से पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। यात्राओं के लिए यह ट्रेन एक बेहतर विकल्प साबित होगी। शाहजहांपुर में दोनों दिशाओं में ट्रेन के ठहराव से स्थानीय यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा तथा उन्हें लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त ट्रेन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।