खुटार (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर मंगलवार सुबह गांव गुरघिया निवासी सर्वेश वर्मा के पुत्र लवनीश वर्मा (25) की बाइक में रोडवेज बस की टक्कर लगने से मौके पर ही मौत हो गई। लवनीश एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। हादसे के बाद चालक बस को लेकर मौके से भाग गया।
सर्वेश वर्मा ने बताया कि लवनीश शाहजहांपुर में किराये के कमरे में रहकर काम करते थे। शनिवार शाम घर आ जाते थे और सोमवार सुबह काम पर चले जाते थे। सोमवार को बारिश के कारण वह शाहजहांपुर नहीं जा सके थे। मंगलवार सुबह पांच बजे वह बाइक से घर से शाहजहांपुर के लिए निकले थे।
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर खुटार के गांव रूजहांकलां के पास ओवरब्रिज के नीचे उतरते समय उनकी बाइक में सामने से आ रही रोडवेज बस की टक्कर लग गई। टक्कर से लवनीश का हेलमेट टूटकर सिर में घुस गया। इससे वह गंभीर घायल हो गए। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने बस का पीछा किया, लेकिन चालक बस लेकर भाग गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 सेवा की एंबुलेंस के चालक और ईएमटी ने लवनीश को सीएचसी पहुंचाया, जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लवनीश के परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना मिलते ही लवनीश के घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते सीएचसी पहुंचे।
लवनीश की मौत से पिता सर्वेश वर्मा, मां मीना वर्मा, बहन प्रीति वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रीति तो भाई का शव देखकर कई बार बेहोश हो गईं। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि बस की जानकारी कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइक की टक्कर से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
खुटार। बाइक की टक्कर से घायल पुवायां के गांव गुटैया निवासी आशाराम की पत्नी सावित्री देवी की इलाज के दौरान 20 जुलाई की रात मौत हो गई। पुत्र ने बाइक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
सावित्री देवी 14 जुलाई को घर से दवा लेने गांव लक्ष्मीपुर जा रहीं थीं। सावित्री देवी के पुत्र दिनेश कुमार के अनुसार उनकी मां रोड किनारे खड़ीं थीं। आरोप है कि खुटार की ओर से आ रहे बाइक सवार ने बाइक को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सावित्री देवी को टक्कर मार दी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में तबीयत बिगड़ने पर 18 जुलाई को परिजन कहीं और ले जाने के लिए सावित्री देवी को घर ले आए थे। 20 जुलाई को उनकी मौत हो गई। सावित्री देवी की मौत से पुत्र दिनेश, अशोक, राजीव, पुत्री प्रीति, नीरज, किरन और सुमन का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद
गांव गुरघिया के लवनीश वर्मा का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
गांव गुरघिया के लवनीश वर्मा का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
गांव गुरघिया के लवनीश वर्मा का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन