शाहजहांपुर के रोजा अड्डे पर रैक प्लांट के पास तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मां व बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। आईटीआई कॉलोनी निवासी विजय उर्फ कल्लू शुक्ला की पत्नी पल्लवी शुक्ला (26) और दस महीने की बेटी सृष्टि के साथ पड़ोस के गांव कटिया में ताबीज लेने गया था। एक सप्ताह से बीमार सृष्टि को डॉक्टर की दवा फायदा नहीं कर रही थी।
बेकरी संचालक विजय शुक्ला की शादी सात साल पहले हरिद्वार निवासी पल्लवी शुक्ला से हुई थी। काफी दवा-इलाज कराने के बाद पल्लवी ने बेटी सृष्टि को जन्म दिया था। जन्म लेने के बाद से ही सृष्टि बीमार रहती थी। पिछले एक सप्ताह से उसे लगातार बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत थी। कई डॉक्टरों से दवा लेने के बाद भी उसे फायदा नहीं हुआ था। इस बीच विजय शुक्ला को एक व्यक्ति ने बेटी को नजर लगने की बात कहते हुए ताबीज लेने की सलाह दी थी।