शाहजहांपुर। जनपद में बढ़ती हादसों की संख्या को देखते हुए यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जाएगा। योजना है कि वीडियो क्लिप बनाकर आमजन को दिखाएं और लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग कराकर हादसे कम किए जाएं।
जिले में हादसों का ग्राफ कम नहीं हो रहा है। तेज रफ्तार व नियमों का पालन नहीं करने की वजह से लोग हादसों का शिकार हो रहे है। जून महीने में 27 दिन में 50 हादसे हुए हैं। इसमें 35 लोगों की जान चली गई। सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर सबसे ज्यादा हादसे हुए हैं। हादसों को कम करने के लिए यातायात पुलिस ने प्रयास शुरू किया है।
विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये यातायात के नियमों को समझाया जाएगा, साथ ही वीडियो क्लिप भी तैयार कराई जा रही है। पांच मिनट की वीडियो क्लिप को स्कूलों, व्यापारियों और आमजन को दिखाकर सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग करने को जागरूक किया जाएगा।
भविष्य के लिए इस योजना को तैयार किया गया है। टीएसआई विनय पांडेय ने बताया कि हादसों को कम करने का लक्ष्य है। इसके लिए जागरूकता को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जाएगा।