शाहजहांपुर। तापमान में बढ़ोतरी हाेने के बाद लू का खतरा मंडराने लगा है। लू से निपटने को लेकर सीएमओ के अलर्ट के बाद सीएचसी-पीएचसी पर शीतल रूम बनाने के काम ने तेजी पकड़ ली है। यहां पर एसी-कूलर, पंखे की मदद से मरीजों को राहत दी जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई पर मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त दवा की खेप भी पहुंचा दी गई है।
अप्रैल माह में तापमान में बढ़ोतरी जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास मंडरा रहा है। इससे तेज धूप के साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया है। लू को देखते हुए सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने प्रत्येक सीएचसी के दो कक्षों में चार बेड आरक्षित करने के साथ एसी, कूलर, पंखे, ठंडे पानी की व्यवस्था कर शीतल कक्ष बनाए जाने के निर्देश दिए थे। इसी तरह पीएचसी पर एक कक्ष में दो बेड का इंतजाम रहेगा। उनके निर्देश के बाद पुवायां और तिलहर में कक्ष बनाकर तैयार कर लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त ओआरएस के पैकेट, पैरासिटामॉल की टेबलेट व ग्लूकोज की बोतलों को पर्याप्त मात्रा में भेजा गया है। सीएमओ खुद ही इसकी निगरानी भी कर रहे हैं।
-
जहां बिजली की व्यवस्था, वहां लगेंगे एसी
-शीतल रूम में लू से पीड़ित मरीज को तुरंत राहत देने के लिए एसी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल अधिकारी डॉ.अंसार अली ने बताया कि जहां बिजली का इंतजाम है, वहां पर एसी लगाएंगे। अन्यथा की स्थिति में कूलर व पंखे लगाए जाएंगे।
इतनी दवा का इंतजाम
-01 हजार ओआरएस के पैकेट प्रत्येक सीएचसी पर भेजे गए
-05 हजार ओआरएस के पैकेट पीएचसी पर भेजे गए हैं
-200 बोतल ग्लूकोज की बोतलें प्रत्येक सीएचसी पर भेजी गई
-हर सीएचसी पर 50 बोतल ग्लूकोज रखने के दिए गए है निर्देश
-
ऐसे करें लू से बचाव
-धूप में जाते समय चश्मा लगाएं, छाता से सिर पर छांव रखें।
-सूती व ढीले कपड़े पहने, रोजाना तीन से पांच लीटर पानी पीएं।
-लस्सी, नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी और छाछ पीएं।
- फल, सलाद, दही, रायता, दाल और चपाती का सेवन करें।
- तरबूजा, खरबूजा, संतरा, अंगूर, खीरा, ककड़ी आदि खाएं।
लू से बचाव को लेकर शीतल कक्ष बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शीतल रूम बनाए जाने के पर्याप्त इंतजाम के साथ दवा का इंतजाम भी रहेगा। लगातार निगरानी जारी है। साथ ही आकस्मिक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे।
- डॉ. आरके गौतम, सीएमओ