खुदागंज (शाहजहांपुर)। जर्जर सड़क, प्राथमिक विद्यालय में जलभराव और छुट्टा गोवंशीय पशुओं की समस्या से परेशान ताहरपुर गांव के प्रभाकर सिंह, अनुज सिंह और योगेंद्र सिंह बुधवार सुबह करीब नौ बजे 50 फुट ऊंचे ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए। उन्होंने समस्याओं का समाधान न होने पर टैंक से कूदने की चेतावनी दी। इससे गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन युवक नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुए। करीब तीन घंटे बाद ग्राम विकास अधिकारी विनोद यादव व उमेश पटेल के साथ पहुंचे खंड विकास अधिकारी अरविंद दुबे ने युवकों से बातचीत की। युवकों ने कहा कि गांव की जर्जर सड़क, स्कूल में पानी भरने की समस्या और छुट्टा गोवंशीय पशुओं से निजात मिलने तक वे नीचे नहीं उतरेंगे।
इस पर बीडीओ ने एक ट्रॉली रोड़ा मंगवाकर सड़क पर डलवाया और मरम्मत का काम शुरू कराया। उन्होंने अन्य सड़कों को भी जल्द दुरुस्त कराने, स्कूल की समस्या दूर कराने और छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजने का भरोसा दिया। पूर्व प्रधान के पति सुरेंद्र सिंह ने भी पशुओं को पकड़ने के लिए निजी खर्च से ट्रॉलियां उपलब्ध कराने की बात कही।
बीडीओ ने बताया कि जर्जर मार्ग को कार्ययोजना में शामिल कर मरम्मत शुरू करा दी गई है। स्कूल, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े सुधार कार्य भी प्राथमिकता से कराए जाएंगे। आश्वासन के बाद तीनों युवक करीब छह घंटे बाद अपराह्न तीन बजे सकुशल नीचे उतर आए।
सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि युवकों के खिलाफ तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-
सभी बीडीओ से कहा गया कि प्रतिदिन अभियान चलाकर गोवंशीय पशुओं को संरक्षित करें। कहीं से भी सूचना मिलते ही तुरंत कैटल कैचर को भेजा जाता है। जनपद में और भी नई गोशाला बन रहीं हैं, उनके बनने के बाद स्थिति में सुधार आएगा। जहां समस्या ज्यादा है, वहां पर विशेष तौर पर ध्यान दिया जाएगा।
- उत्कर्ष द्विवेदी, सीडीओ