शाहजहांपुर। परिषदीय विद्यालयों से संबद्ध (को-लोकेटेड) आंगनबाड़ी केंद्रों पर ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) एजुकेटर पदों पर भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। चयन प्रक्रिया के तहत संबंधित फर्म ने रिक्त पदों के सापेक्ष तीन गुना अभ्यर्थियों की सूची बेसिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध करा दी है।
जिले में 160 पदों के लिए 480 अभ्यर्थियों के नामों की सूची विभाग को प्राप्त हुई है। सूची को बीएसए कार्यालय में प्रदर्शित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि अभ्यर्थी अपने नामों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
चयन प्रक्रिया के अगले चरण में सूचीबद्ध अभ्यर्थियों को बुलाकर उनके शैक्षिक एवं अन्य अभिलेखों का सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के दौरान दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। बीईओ मुख्यालय सुरेंद्र मौर्या ने बताया कि कार्यदायी संस्था ने सूची उपलब्ध करा दी है। अभिलेखों का सत्यापन के बाद कमेटी के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।