तिलहर पुलिस की गिरफ्त में अफीम के तस्कर संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर (शाहजहांपुर)। एसओजी व तिलहर पुलिस ने रविवार सुबह सलेमाबाद पट्टी रोड स्थित एक मकान में छापा मारकर तीन मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों को पकड़ा है। उनके पास से पांच किलो अफीम और 9600 नशे के कैप्सूल बरामद हुए हैं। अंतरराज्यीय तस्करों के तार झारखंड से जुड़े हैं। इनकी तलाश नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) लखनऊ व अन्य एजेंसियां कर रही थीं।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि सुबह करीब सात बजे एसओजी प्रभारी रोहित सिंह व तिलहर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सलेमाबाद पट्टी रोड कुलचंपा ग्राम के पास बैजनाथ के मकान पर छापा मारा। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने पांच किलो अफीम और तीन लाख 15 हजार 500 रुपये व 9600 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस तीनों तस्करों को लेकर थाने आई और पूछताछ की। एसपी ने बताया कि पुलिस ने तिलहर के खनपुरा निवासी सर्वेश, नजरपुर निवासी आरिफ और कुवरंज निवासी आनंद गुप्ता को गिरफ्तार किया। संवाद
अफीम में मिलते थे नशीले कैप्सूल व धतूरे के बीज
-एसपी एस. आनंद ने बताया कि गिरोह का सरगना सर्वेश है। वह झारखंड से सस्ते दामों में अफीम खरीदकर लाता था और नशीले कैप्सूल, धतूरे के बीज व अन्य नशीले पदार्थ मिलाकर उसे ज्यादा कीमत में पंजाब व अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे। रात में माल तैयार कर सुबह में सप्लाई करने के लिए जाना था। एसपी ने बताया कि सर्वेश का सगा भाई भी अफीम तस्करी के कारोबार में संलिप्त था, जो वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।