शाहजहांपुर। परौर थाना क्षेत्र में मेड़बंदी के विवाद में बदायूं के उसावां कस्बे के वार्ड-4 निवासी 38 वर्षीय अरवेश यादव की गोली मारकर हत्या के मामले में तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। इनमें दो टीमें बदायूं गईं हुईं हैं। एक टीम परौर क्षेत्र के आसपास आरोपियों की तलाश कर रही है। हत्या का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
भाई धर्मेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि भाई रामवीर व अरवेश के साथ बुधवार दोपहर खेत की जोताई करने के लिए गए थे। उसावां कस्बे के वार्ड-7 निवासी कल्लू और उसका भाई सोनू खेत की मेड़ तोड़ रहे थे। विरोध करने पर दोनों भाइयों ने जान से मारने की धमकी दी और अपने घर चले गए।
इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे दोनों भाई एक अन्य युवक के साथ वापस आए। सोनू ने अपने भाई कल्लू से 500 मीटर दूरी पर नन्हे के ट्यूबवेल पर बैठे अरवेश को गोली मारने के लिए कहा। कल्लू ने भाई अरवेश को गोली मार दी। इससे भाई की मौत हो गई। वहीं, शाहजहांपुर पोस्टमॉर्टम हाउस पर शव को देखकर परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी गुमसुम हो गई है। अरवेश के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गठित टीमों ने आरोपियों की रिश्तेदारी व उनके संभावित ठिकानों पर दबिशें दीं हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गईं हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।