शाहजहांपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की सूची दिनोंदिन लंबी होती जा रही है। शुक्रवार को तीन और पॉजिटिव केस सामने आने से यह संख्या अब 91 तक जा पहुंची है। तीन नए संक्रमितों में एक शहर का और दो बंडा ब्लाक के हैं।
शहर के मोहल्ला प्रताप इंन्क्लेव में 65 साल के संक्रमित मिले बुजुर्ग का एक दोस्त व्यवसाय के सिलसिले में सात जून को दिल्ली से आया था और उसी दिन लौट भी गया था। आशंका है कि उसी के संपर्क में आने से बुजुर्ग संक्रमित हो गया हो। 17 जून को उसका सैंपल लिया गया था, जिसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित पाए गए व्यक्ति को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला अस्पताल के कोविड अस्पताल में भेज दिया है। जिला अस्पताल में पहुंचे संक्रमित बुजुर्ग ने बताया कि 14 जून को वह कॉलोनी में ही सुबह को टहल रहा था कि उसे अचानक चक्कर आने लगा और गर्मी लगने लगी। इसके बाद घर चला गया। फिर घर से नहीं निकला। उसकी बहादुरगंज में किराना की दुकान है। उन्होंने बताया कि दिल्ली वाला दोस्त व्यापार के सिलसिले में बराबर आता-जाता रहता है और वह स्वस्थ भी है। व्यापारी ने बताया कि उनके घर में पत्नी, दो भाई और उनके दो बच्चों समेत कुल सात लोग हैं, जिनका सैंपल शनिवार को जांच के लिए भेजा जाएगा।
इसके अलावा दो युवक बंडा में संक्रमित मिले हैं। एक 25 साल का युवक गांव नवदिया का रहने वाला है, जबकि दूसरा 28 वर्षीय युवक बनगवां गांव का है। नवदिया वाला युवक 13 जून को बनगवां का युवक नौ जून को दिल्ली से आया था। दोनों के सैंपल 17 जून को जांच के लिए भेजे गए थे।
तीन लोग और मिले संक्रमित
जिले में तीन लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों को कोविड अस्पताल पहुंचा दिया गया है। इनमें दो युवक बंडा के और एक व्यक्ति शहर का है। इनके परिजनों के सैंपल शनिवार को जांच के लिए भेजे जाएंगे। अब तक 40 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर घर भी भेजा जा चुका है।
डॉ. एसपी गौतम, सीएमओ
बंडा के नवदिया और बनिगवां कंटेन्मेंट जोन घोषित
बंडा। गांव बनिगवां और नवदिया में दो लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद दोनों गांवों को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर सील करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। संक्रमित युवकों को इलाज के लिए ददरौल के कोविड-19 अस्पताल भेजा गया है।
गांव नवदिया का 25 वर्षीय 13 जून को दिल्ली से घर आया था। 17 जून को उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। 19 जून को युवक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। उधर गांव बनिगवां का 25 वर्षीय युवक नौ जून को दिल्ली से घर आया था। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद वह घर चला गया था। बाद में युवक को बुखार आने के बाद युवक ने गांव में ही झोलाछाप डॉक्टर से दवा भी ली थी, लेकिन लाभ नहीं हुआ था। प्रधान सुरेशचंद्र ने बताया कि जानकारी पाकर उन्होंने 17 जून को युवक को बंडा सीएचसी भेजा था। बाद में युवक का सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। युवक की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। दोनों गांवों को सील किया जा रहा है। गांव में आवाजाही पर रोक लगाने के साथ ही जरूरी वस्तुओं की होम डिलीवरी की व्यवस्था की जाएगी। अब बंडा ब्लाक में मोहल्ला मुरादपुर, गायत्रीनगर, गांव बनिगवां और नवदिया में एक-एक एक्टिव केस हैं। जबकि गांव गुनहा खमरिया का युवक ठीक हो चुका है।
संक्रमित युवक की बहन की हुई थी गोद भराई
मझगवां। गांव बनिगवां के संक्रमित पाए गए युवक की बहन की 18 जून को को गोद भराई की रस्म थी। गोद भराई के लिए लोग शाहजहांपुर के पास गांव टेरा से आए थे। गोद भराई के लिए आए लोगों की संख्या 20 से 25 के करीब थी। युवक के संक्रमित होने की सूचना से गोद भराई के लिए आने वाले लोगों में भी खलबली मची हुई थी।