पुवायां में लूट का शिकार रामकरन और उनकी पत्नी पूजा से जानकारी लेते सीओ। स्रोत पुलिस
पुवायां। ससुराल से घर जा रहे दंपती से बाइक सवार तीन बदमाशों ने जेवर और मोबाइल लूट लिया। बदमाश दंपती की बाइक की चाभी भी निकाल ले गए। सूचना पर सीओ प्रवीण मलिक, पुवायां और बंडा थाना की पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
निगोही के गांव परसरा परसरी निवासी रामकरन की ससुराल बंडा के गांव कुंडरा में है। वह अपनी पत्नी पूजा देवी के साथ ससुराल आए थे। बुधवार को दंपती बाइक से वापस घर जा रहे थे। पुवायां के गांव ऊंचागांव कनपारा के पास शारदा नहर पटरी पर बाइक से आए तीन बदमाशों ने अपनी बाइक रामकरन की बाइक के आगे लगा दी और तमंचा दिखाकर रोक लिया।
बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए पूजा से सोने के झाले और रामकरन से मोबाइल लूट लिया। बदमाश रामकरन की बाइक की चाभी लेकर चले गए। इसके बाद दंपती पुवायां थाने पहुंचे और लूट की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी पाकर सीओ प्रवीण मालिक, थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने दंपती से घटना की जानकारी ली और दंपती को मौके पर ले जाकर जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि दंपती से जेवर, मोबाइल लिए जाने की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।