पुवायां (शाहजहांपुर)। वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश सौरभ मिश्रा के पैर में गोली लग गई। बाद में पुलिस ने सौरभ और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
गांव जठियापुर बुजुर्ग के आशीष कुमार को 20 अप्रैल को बाइक सवार तीन बदमाश मोहम्मदी रोड से तमंचा तानकर अपने साथ ले गए थे। बदमाशों ने आशीष से मोबाइल और 12 सौ रुपये लूट लिए थे।
मोबाइल का पासवर्ड न बताने पर बदमाशों को आशीष को जमकर पीटा था। पासवर्ड बताने के बाद बदमाश आशीष को वापस पुवायां लाकर छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने मोबाइल छीने जाने की रिपोर्ट दर्ज की थी।
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि पुवायां के मोहल्ला हरदयाल कूंचा के सौरभ मिश्रा, बड़ागांव के अर्पित सक्सेना, गांव सिसोरा नकूमपुर के मौसम उर्फ आशुतोष दीक्षित ने आशीष का मोबाइल छीना है।
20 अप्रैल की रात आरोपियों के आने की सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम ने पुवायां-मोहम्मदी रोड पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक भागने लगे और एक युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने सौरभ, अर्पित और आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों के कब्जे से चोरी का मोबाइल, तमंचा, कारतूस, कारतूस का खोखा और 840 रुपये भी बरामद किए हैं। बाइक को सीज कर दिया गया है। सौरभ काे पुलिस अभिरक्षा में राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
-
सौरभ पर पहले से दर्ज हैं 12 मुकदमे
घायल सौरभ मिश्रा पर पहले से मारपीट, आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित 12 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ और मोबाइल छीनने के मामले में दो प्राथमिकी और दर्ज की गई हैं। अर्पित सक्सेना पर चार और आशुतोष दीक्षित पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं।
रिपोर्ट में रुपये लूटने की बात नहीं, पूछताछ में 12 सौ लूटने का भी जिक्र
पुलिस ने आशीष से केवल मोबाइल छीनने की रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन मुठभेड़ के प्रेस नोट में 12 सौ रुपये लूटने की बात भी लिखी है। सीओ प्रवीण मलिक के अनुसार, सौरभ आर्म्स एक्ट में जेल गया था और हाल ही में जेल से छूटा है। पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी के कारण उसने आशुतोष और अर्पित के साथ मिलकर लूट की थी।
मोहम्मदी रोड पर घेराबंदी करने पर मोबाइल लूट के आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौरभ मिश्रा पैर में गोली लगने से घायल हो गया। सौरभ सहित तीन लोग पकड़े गए हैं।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां
पुवायां में हुई मुठभेड़ में घायल पुवायां का सौरभ मिश्रा। स्रोत : वीडियो ग्रैब- फोटो : सांकेतिक