शाहजहांपुर। बकरी चराने गए थाना सदर बाजार क्षेत्र की हायडिल कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय अमर कश्यप की मौत के मामले में 36 घंटे बाद मृतक की मां मछला देवी ने तहरीर दी। दूसरे बेटे के साले दीपक व आकाश के अलावा क्षेत्र के अख्तर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चंदन ने छोटे भाई अमर की हत्या का आरोप लगाते हुए बताया था कि शुक्रवार की दोपहर 12 बजे बकरियां चराने के लिए निकला था। शनिवार सुबह भाई का शव छावनी के जंगल में पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट थी। गले में गमछा कसा था। रविवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कैंट चौकी पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसी कैमरों को देखा, साथ ही घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया।
मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने अमर कश्यप के साथ रहने वाले लोगों से पूछताछ की। रविवार देर रात थाने पहुंची मृतक की मां मछला देवी ने तहरीर देते हुए कैंसर से मर चुके एक बेटे के साले दीपक, आकाश व क्षेत्र के अख्तर पर हत्या का आरोप लगाया है। सदर इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की मां मछला देवी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।