शाहजहांपुर। रमजान मुबारक के चौथे जुमे को जुमा अलविदा की नमाज अदा की गई। जिलेभर की मस्जिदों में परंपरागत तरीके से लोगों ने दो रकआत नमाज अदा कर मुल्क व कौम की तरक्की के लिए दुआ की। इस बीच सदका देकर गरीबों की मदद करने का आह्वान किया गया।
दोपहर साढ़े 12 बजे से ही जामा मस्जिद में रोजेदारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे पहले मस्जिद के अंदर का हिस्सा नमाजियों से भरा। इसके बाद बाहर परिसर में बिछी चटाई पर नमाजी कतारबद्ध होकर बैठ गए। इस बीच शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने तकरीर की। उन्होंने कहा कि मस्जिदों में हजारों-लाखों लोग एक ही सफ में नमाज अदा करते हैं। यहां पर कोई गरीब और अमीर नहीं होता है।
उन्होंने ईद की नमाज से पहले सदका देने पर जोर दिया। बोले-हर साहिबे निसाब पर सदका फर्ज है। दो किलो 45 ग्राम गेहूं या इसके समकक्ष रुपये भी दे सकते हैं। सदके के जरिये गरीबों और मिसकीनों के घरों में खुशियां आती हैं।
शहर इमाम ने जकात की अहमियत पर प्रकाश डाला। बाेले कि अल्लाह की राह में खर्च करने से रहमत आती है। दोपहर डेढ़ बजे खुत्बा पढ़ा गया। इसके बाद दो रकआत नमाज अदा कराई। सभी ने मुल्क में अमनों-अमाान की दुआ की। इसके अलावा जिले की सभी मस्जिदाें में नमाज अदा की गई। सुरक्षा की दृष्टि से मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। एसपी राजेश द्विवेदी ने एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सीओ सिटी पंकज पंत आदि के साथ जामा मस्जिद के गेट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
तिलहर में अमन-चैन की दुआ की गई
तिलहर। नगर व क्षेत्र की मस्जिदों में रमजान माह के चौथे जुमे पर जुमा अलविदा की नमाज अदा की गई। मोहल्ला काकड़ स्थित मस्जिद में मौलाना अकील ने नमाज अदा कराई। सज्जादनशीन व शहर इमाम मोहम्मद सवालेह उर्फ सद्दन मियां ने मुल्क व कौम की तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ की। मोहल्ला कच्चा कटरा की बड़ी मस्जिद में मौलाना गुलाम रजा, चौहटिया की मस्जिद में हाफिज इदरीस, नितगंजा की मस्जिद में मौलाना मसूद आलम, चमकीली वाली मस्जिद में हाफिज आबिद, बाजार वाली मस्जिद में मौलाना इमरान रजा, जंगल वाली मस्जिद में आफद रजा, उम्मरपुर की जामा मस्जिद में हाफिज हबीबुर्रहमान ने नमाज अदा कराई। सीओ ज्योति यादव और प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवाद
कांट : जुमा अलविदा की नमाज में की गई दुआ
कांट। क्षेत्र की मस्जिदों में जुमा अलविदा की नमाज अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। जामा मस्जिद कांट में शाही इमाम मौलाना रिजवान रजा ने नमाज अदा कराई। मुतावल्ली शहजाद अहमद खां, मौलाना रागिब, चेयरमैन पुत्र रईस मियां, हाफिज मुकीम, मंगलशेर खां, पूर्व चेयरमैन पुत्र हाजी डॉ. शोएब खां,डॉ. सुहेल खां आदि मौजूद रहे। संवाद
‘फैशन के दौर में दीन से हट रहा मुसलमान’
अल मुश्किल कुशा खानकाह नेशनल सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेख मौलाना शाही ने ईमान-ए-बेदारी मुहिम के तहत ग्राम मजरा में अलविदा जुमा मुबारक पर लोगाें को खिताब किया। उन्होंने कहा कि जितना फैशन का दौर आ रहा, मुसलमान उतना ही अपने दीन और ईमान से हटता जा रहा है। जकात, फितरा, सदका का हक यतीमों, बेवाओ और मजलूमों तक हक नहीं पहुंच पा रहा। इस मौके पर असलम, हाफिज गुलफाम रजा आदि मौजूद रहे।
कांट जामा मस्जिद में नमाज अदा करते लोग। संवाद