सिंधौली में रामाश्रय दीक्षित के घर में हुई चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
सिंधौली। कस्बा के रामाश्रय दीक्षित के घर में बृहस्पतिवार शाम चोर लाखों रुपये का माल पार कर ले गए। परिवार के सदस्य गृह प्रवेश के कार्यक्रम में गए थे। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रामाश्रय दीक्षित के बेटे विनीत दीक्षित ने बताया कि बृहस्पतिवार को परिवार के सभी सदस्य गृह प्रवेश के कार्यक्रम में गए थे। पुराने मकान में दरवाजे नहीं लगे हैं। इस बीच शाम पांच और छह बजे के बीच चोरों ने घर में घुसकर कमरे का ताला तोड़ दिया और बक्से में रखे दो लाख, 20 हजार रुपये, चार सोने के कंगन, एक कमर बिछुआ, एक चांदी की करधनी, दो पायजेब, चांदी के चार सिक्के, दो बच्चों वाली करधनी, एक सोने का जौ, सोने का कड़ा, तीन सोने के कुंडल समेत आधा किलो पुरानी चांदी चोरी कर ले गए।
चोर लोहे की रॉड वहीं छोड़ गए हैं। पड़ोस की महिला ने कमरे का ताला खुला देखा तो मकान मालिक को सूचना दी। रामाश्रय दीक्षित व उनके परिजन आए तो मकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था। नकदी और जेवर भी गायब थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल की। रामाश्रय ने थाने पर तहरीर दी है। सीओ बीएस वीर कुमार ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।