शाहजहांपुर में रेलवे लाइन के किनारे केबल सही करते कर्मचारी। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। दिल्ली-लखनऊ रेल खंड पर शनिवार की रात चोरों ने रेलवे की सिग्नल केबल को निशाना बनाया। गड्ढा खोदकर 11 मीटर केबल काटने से सिग्नल का संचालन बंद हो गया। इसके बाद अप और डाउन लाइन की ट्रेनें रुक गईं। आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तब लिखित मेमो से सुबह छह बजे तक ट्रेनों का संचालन हुआ।
शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल स्टेशन और कहेलिया रेलवे स्टेशन के बीच चोरों ने गड्ढा खोदकर केबल काट लिया। 11 मीटर केबल कटने से सिग्नल ठप हो गया। इसके चलते अप और डाउन लाइन की ट्रेनें रुक गईं।
लोको पायलट ने पॉवर केबिन और कंट्रोल को जानकारी दी। उसके बाद आरपीएफ और सिग्नल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घना कोहरा हाेने के चलते फॉल्ट नहीं मिल रहा था। बमुश्किल कटी केबल मिल सकी। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से लिखित मेमो के आधार पर ट्रेनों को चलाया गया।
आरपीएफ ने आसपास के क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। उन्हें गन्ने के खेत में कुछ कटी केबल बरामद हो गई। सुबह करीब छह बजे सिग्नल ठीक होने पर रेल यातायात शुरू हो सका। रेलवे अफसरों के अनुसार, केबल की कीमत करीब 11 हजार रुपये हैं। पूरे मामले की ज्वाइंट रिपोर्ट बनाकर मुरादाबाद के अफसरों को भेजी गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।