रोजा थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट के पांच किमी परिधि में आने वाले शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को सशुल्क 24 घंटे बिजली दिए जाने की मांग पर परियोजना प्रबंधन द्वारा कोई तवज्जो नहीं दिए जाने पर एमएलसी संजय कुमार मिश्र शुक्रवार को तमाम ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने रौसर कोठी समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों को साथ लेकर तापीय परियोजना गेट पर प्रदर्शन कर धरना दिया। साथ ही एक माह के अंदर मांग पूरी नहीं होने पर मार्च के प्रथम सप्ताह से जनांदोलन छेड़ देने की चेतावनी दी।
एमएलसी मिश्रा ने गत चार जनवरी को तापीय परियोजना प्रबंधन को ग्रामीणों की ओर से ज्ञापन देकर कारखाने के आसपास के पांच किमी इलाके में प्रदूषण से त्रस्त ग्रामीणों को क्षतिपूर्ति के तौर पर 24 घंटे बिजली दिए जाने की मांग की थी। इसके साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। पॉवर प्लांट के अधिकारी इस ओर से उदासीन रहे तो एमएलसी ने ग्रामीणों को साथ लेकर कारखाना गेट पर धावा बाोल दिया।
करीब एक घंटे तक नारेबाजी जारी रहने के बाद तापीय परियोजना के उप महानिदेशक तोमर अधीस्थ अधिकारियों की टीम के साथ बाहर आए और एमएलसी से वार्ता कर उन्हें मनाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वस्त किया इस बारे में निदेशक मंडल को अवगत कराकर उचित कार्यवाही की जाएगी। प्रदर्शन और वार्ता में राजीव सक्सेना, दीपक मिश्रा, हरि सुमिरन दीक्षित, रेनू मिश्रा, डॉ. अनिल पाल, मनोज त्रिवेदी, हरिशंकर मिश्रा, श्रीकांत, बेहटी के प्रधान नत्थू लाल, अक्षय कुमार आदि शामिल रहे।