प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने बुधवार को ओसीएफ ग्राउंड पर प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पेंशन के पांच सौ लाभार्थियों को परिचय पत्र देकर जिले में शासन की महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। इसी मौके पर उन्होंने श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 897 पंजीकृत श्रमिकों को चमचमाती साइकिलें और सौ श्रमिकों को सौर लालटेनों की सौगात दी।
वितरण से पहले भावुक संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभावों में जीने वाले परिवारों के लिए भले ही साइकिलें और पेंशन के पांच सौ रुपये उनकी तकदीर नहीं बन पाएं, लेकिन इन योजनाओं से उनमें कुछ कर गुजरने का जज्बा जरूर पैदा होगा। साइकिलें श्रमिकोें की बेकारी दूर भगाने में सहायक होंगी तो पेंशन से पति-पत्नी, पिता-पुत्र, सास-बहू के बीच मामूली रकम को लेकर होने वाले विवाद थमेंगे।
अपनी बात को सियासी पुट देते हुए प्रभारी मंत्री ने प्रागैतिहासिक युग के डायनासॉर का हवाला देते हुए कहा कि यह विशालकाय जीव अपने अहंकार के कारण विलुप्त हो गया। ठीक इसी तरह सियासत में भी कुछ डायनासॉर सक्रिय हो गए हैं, जिन्हें अपनी समझ से मिटाएं। उन्होंने कहा किसी भी दल का नाम लिए बगैर कहा कि दोस्त की तरफ से भले ही निगाह फेर लें, लेकिन दुश्मनों की पहचान जरूर करें।
इस मौके पर उन्होंने श्रम विभाग की मातृत्व शिशु लाभ योजना के तहत अजय प्रताप और मेधावी छात्र योजना के लाभार्थी राध्ेश्याम को नियत धनराशि के चेक देकर वितरण कार्यक्रम को गति दी। प्रारंभ में सहायक श्रमायुक्त नदीम अहमद और समाज कल्याण अधिकारी अर्चना सोनकर ने विभागीय योजनाओं का विवरण दिया। सगीर अहमद के संचालन में हुए कार्यक्रम राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नीतू सिंह, विधयक राजेश यादव व शकुंतला देवी, सपा नेता उपेंद्र पाल सिंह व नीरज मिश्रा आदि मौजूद रहे। डीएम एवं एडीएम प्रशासन मुनेंद्र नाथ उपाध्याय ने सभी का आभार व्यक्त किया।