शाहजहांपुर। स्कूलों की छुट्टी होने पर बृहस्पतिवार को यातायात व्यवस्था चरमरा गई। अंटा चौराहे से बीएसए कार्यालय तक करीब एक किलोमीटर तक लंबा जाम लगने से वाहन फंसे रहे। इसके चलते छात्र-छात्राएं परेशान होते रहे। वे गर्मी में पसीने से तरबतर हो गए।
बृहस्पतिवार को दिन में करीब एक बजे स्कूलों की छुट्टी होने के बाद जेल रोड पर वाहनों की कतार लग गईं। कुछ देर में अंटा चौराहा तक रोड जाम हो गया। ई-बसें, स्कूली बसें, ई-रिक्शे, कार और बाइक सवार फंस गए। जाम लगने से वाहन रेंगते रहे।
अंटा चौराहा से बीएसए कार्यालय तक करीब एक किलोमीटर तक जाम लगने पर खिरनीबाग चौराहे पर तैनात हेड कांस्टेबल ने प्रयास शुरू किए, लेकिन जाम लंबा होने के चलते वह असहाय बने रहे। छुट्टी के बाद घर जाने के लिए निकले स्कूली छात्र-छात्राएं परेशान हो गए। कुछ बच्चे जाम के चलते परेशान रहे। करीब एक घंटे के बाद जाम खुल सका, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने लिंक गलियों से वाहनों को गुजारकर जाम से मुक्ति पाई।
जाम खुलवाने में आई दिक्कत
दोपहर में करीब एक किलोमीटर तक लगे लंबे जाम को खुलवाने में जेल के बाहर सिपाही के पसीने छूट गए। इसी तरह अंटा चौराहा पर तैनात यातायात सिपाही जाम खुलवाने के दौरान छांव तलाशने लगा। इस बीच होमगार्डों के ऊपर जाम खुलवाने की जिम्मेदारी छोड़ दी गई। इस्लामिया इंटर कॉलेज के पास होमगार्ड ही जाम खुलवाने में जुटे रहे।
-
ई-रिक्शा चालक होमगार्ड से भिड़ा
दोपहर करीब दो बजे इस्लामिया कॉलेज के पास ई-रिक्शा चालक के गलत दिशा में आने पर होमगार्ड ने उसे रोक लिया। अपनी गलती मानने के बजाये ई-रिक्शा चालक होमगार्ड से भिड़ गया। इस बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
शाहजहांपुर में जेल रोड के सामने लगा लंबा जाम। संवाद- फोटो : संवाद