भावलखेड़ा। रोजा चीनी मिल में सोमवार की रात गन्ने की तौल के लिए टोकन जारी नहीं होने पर किसानों को बहुत असुविधा हुई। इस कारण गन्ना लेकर आईं तमाम ट्राॅलियां काफी देर तक मार्ग पर खड़ी रहीं। इससे नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। करीब एक घंटे बाद टोकन जारी होने पर ट्राॅलियां मिल के यार्ड में पहुंच सकीं।
सोमवार की रात ट्राॅलियों से गन्ना लेकर तमाम कर्मचारी चीनी मिल पहुंचे। इस दौरान टोकन काटने को नियुक्त किया गया कर्मचारी कहीं खिसक गया। गन्ना प्रजाति की पर्ची काटने वाले कर्मचारी ने भी टोकन काटने से मना कर दिया। इससे नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का कहना था कि मिल गेट पर टोकन जारी करने में अक्सर लापरवाही बरती जाती है। इस बीच, सूचना पाकर वहां पहुंचे भाजपा नेता संजीव मिश्रा ने मिल प्रबंधन के अधिकारियाें से बात कर किसानों को हो रही दिक्कत को लेकर नाराजगी जताई। करीब एक घंटे बाद मौके पर आए कर्मचारी ने टोकन काटे और ट्राॅलियां यार्ड में भेजीं।
मिल के जीएम पंकज गोयनका ने बताया कि टोकन नहीं कटने को लेकर किसानों का कर्मचारियों से मामूली विवाद हुआ, लेकिन इस बारे में उन्हें किसी किसान से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।