चांदपुर। खुटार ब्लॉक के ग्राम नवदिया नवाजपुर में पीएचसी दो वर्षों से बिना डॉक्टर के संचालित है। पीएचसी में जांच तक की सुविधा नहीं है। छत का प्लास्टर कई जगह से टूटा हुआ है, साथ ही दीवाराें में सीलन रहती है। गंदगी के कारण मरीज तक आना नहीं चाहते।
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े नौ बजे पीएचसी में पहुंचने पर फार्मासिस्ट सुरेश चंद्र वर्मा मरीजों को देख रहे थे। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए बने अस्पताल में दो साल पहले पीजी करने चिकित्सक गए थे। तब से वह लौटे नहीं हैं। अधिकारियों ने दूसरे चिकित्सक की तैनाती करने की जरूरत भी नहीं समझी।
पीएचसी में लैब टेक्नीशियन न होने की वजह से जांच की कोई सुविधा नहीं है। जांच की किट और मशीन तक नहीं हैं। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए खुटार सीएचसी या शाहजहांपुर जाना पड़ता है। अस्पताल परिसर में चारों तरफ बड़ी-बड़ी खरपतवार उग आई है। नालियों की सफाई भी काफी समय से नहीं होने से गंदगी भरी पड़ी है। शौचालय में गंदगी थी। दीवारें सीलन से भरी हैं, छत का प्लास्टर जगह उखड़ा और गिरताऊ हालत में है।
ग्रामीण बोले- मजबूरी में जांच कराने जाते हैं खुटार व शाहजहांपुर
धूप और गर्मी में दिन भर खेतों में काम करते हुए अक्सर सिरदर्द, बुखार, पेट दर्द से पीड़ित हो जाते हैं। अस्पताल में उपचार मिलना मुश्किल होता है। मजबूरी में जांच कराने के लिए खुटार, शाहजहांपुर जाना पड़ता है। - रामू कश्यप, बरगदिया
अपने बच्चे का इलाज कराने के लिए अस्पताल आई थी। पीएचसी की हालत बहुत खराब है। साफ-सफाई भी ठीक नहीं है। सीलन के कारण सांस लेना भी दूभर हो जाता है। यह मरीजों के लिए घातक साबित हो सकती है। - आजमा बेगम, नवदिया नवाजपुर
स्वास्थ्य केंद्र का भवन जर्जर हो चुका है। अक्सर छत से प्लास्टर गिरता रहता है, दीवारें सीलन से भरी हैं। ऐसे में इलाज को आने वाले और भर्ती होने वाले मरीजों की हालत और बिगड़ सकती है। - विमला देवी, नवदिया नवाजपुर
अगर पीएचसी पर जल्द ही डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन और सफाई कर्मचारियों की तैनाती नहीं हुई तो लोगों के सहयोग से आंदोलन शुरू किया जाएगा। - अमर शुक्ला, तुलापुर
-
वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नवदिया नवाजपुर पीएचसी में सप्ताह में तीन दिन चिकित्सक और दो दिन लैब टेक्नीशियन की व्यवस्था जल्द की जाएगी। स्थायी चिकित्सक की तैनाती के प्रयास भी करेंगे। - संजीव कुमार, अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खुटार
अमर शुक्ला
अमर शुक्ला
अमर शुक्ला
अमर शुक्ला