मिर्जापुर। कस्बे में शनिवार को आजाद ज्वैलर्स की दुकान में खरीदारी करने के बहाने पहुंची तीन महिलाएं करीब पौने दो लाख रुपये के सोने के जेवर समेटकर ले गईं। कारोबारी को इसकी जानकारी बृहस्पतिवार को हुई जब दुकान पर पहुंचे ग्राहक को दिखाने के लिए जेवर देखे गए। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो चोरी करने वाली महिलाओं का चेहरा सामने आ गया। फुटेज के आधार पर चोरी करने वाली महिलाओं की तलाश शुरू कर दी गई है।
कस्बा के मेन मार्केट में नरेश चंद्र वर्मा की आजाद ज्वैलर्स नाम से आभूषण की दुकान है। नरेश चंद्र ने बताया कि शनिवार को करीब दो बजे उनकी दुकान पर तीन महिलाएं सोने का ओम और झुमकी खरीदने के बहाने पहुंचीं। उन्होंने ग्राहक समझकर डिब्बे खोलकर महिलाओं के सामने रख दिए। इसी बीच एक महिला ने पायल दिखाने को कहा। नरेश पायल का डिब्बा निकालने के लिए पीछे मुड़े। तभी महिलाओं ने डिब्बे में रखी झुमकी गायब कर दी। इसके बाद महिलाएं सिर्फ पायल खरीदकर चली गईं। ज्वैलर्स को उन्होंने अपना नाम पता क्षेत्र के गांव नूरपुर तरसौरा का बताया।
नरेश के मुताबिक बृहस्पतिवार को एक ग्राहक दुकान पर ओम खरीदने के लिए पहुंचा। उसे दिखाने के लिए डिब्बा ढूंढा तो नहीं मिला। उसमें दो जोड़ी झुमकी भी थीं। तब कारोबारी को उन महिलाओं पर शक हुआ। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, जिनमें एक महिला ओम और झुमकी की पुड़िया अपने पीछे से दूसरी महिला को पकड़ाती दिख रही है। व्यापारी नरेश ने बृहस्पतिवार को थानाध्यक्ष को सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग सहित प्रार्थना पत्र देकर आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर माल बरामद किए जाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में मिर्जापुर थाना प्रभारी सुधाकर पांडेय का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।