चौक क्षेत्र की आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ में चोरी की जानकारी देते लारैव हुसैन। स्र
शाहजहांपुर। आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी, बरेली मोड़ में चोरों ने ठेकेदार के घर का ताला तोड़कर जेवरात व नकदी समेत लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। पुलिस ने मौका-मुआयना कर पीड़ित से घटना के संबंध में पूछताछ की। मामले की जांच की जा रही है।
आवास संख्या 5/206 में लारैव हुसैन और उनके बड़े भाई इस्माइल हुसैन परिवार समेत रहते हैं। पिता इंतजार हुसैन की तबीयत खराब होने के चलते 28 फरवरी को पूरा परिवार मेरठ चला गया था। दो मार्च को जब लारैव घर लौटे तो देखा मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हो गए।
लॉबी में रखा इन्वर्टर-बैटरी, कमरे में लगी 32 इंच की एलईडी व अलमारी तोड़कर करीब तीन लाख रुपये के सोने के आभूषण और 40 हजार रुपये चुराकर ले गए। सूचना पर अजीजगंज चौकी रोहित कुमार ने मौके पर जाकर पीड़ित से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज चेक कराए गए हैं। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
-
किराने की दुकान से चोरी का नहीं हुआ खुलासा
-चौक कोतवाली क्षेत्र में अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। 12 फरवरी को उमरगंज रोड स्थित अजीजगंज निवासी प्रदीप वर्मा के मां वैष्णो किराना स्टोर से एक लाख रुपये की चोरी हो गई थी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी थी, लेकिन अभी तक घटना का खुलासा नहीं हो सका है। इसी तरह पिछले सप्ताह खलीलशर्की निवासी मीरा देवी से सत्संग से लौटते समय सोने की चेन और अंगूठी ठग ली थी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।