राजकीय मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में चिकित्सक के घर चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में चिकित्सकों के आवास का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत हजारों का सामान चोरी कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। उधर, पुलिस घटना की तहरीर न दिए जाने के बात कह रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहिताश एवं फिजिशियन डॉ. पंकज सिंह मेडिकल कॉलेज के एक ही आवासीय परिसर में रहते हैं। बृहस्पतिवार को दोनों चिकित्सक ड्यूटी पर गए हुए थे। दोपहर करीब दो बजे जब घरेलू कार्य करने वाली महिला आई तो ताला टूटा देखकर उसने सूचना दी। चिकित्सकों ने वापस आकर देखा तो आवास के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर 18 हजार रुपये, कपड़े और कुछ बर्तन चोरी कर ले गए थे।
सूचना पर राजकीय मेडिकल कॉलेज गेट चौकी पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं, पर कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। प्रभारी निरीक्षक चौक कोतवाली बृजेश सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। चिकित्सकों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।