पुवायां। पुवायां के तहसील सभागार में बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों के साथ पहुंचे, लेकिन वकीलों के सभागार बंद करने के कारण आवेदन नहीं जमा होने पर अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। बाद में एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर सभागार खुलवाकर आवेदन जमा करने का काम शुरू कराया।
तमाम बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र नहीं होने के कारण दाखिले में समस्या आ रही थी। डीएम के निर्देश पर बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए शनिवार को तहसील सभागार में शिविर का आयोजन किया गया। तमाम अभिभावक और शिक्षक सुबह से ही तहसील आ पहुंचे। उधर धरना-प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने सभागार को बंद करा रखा था।
दस बजे तक जन्म प्रमाणपत्र बनाने का काम शुरू नहीं होने पर अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद एसडीएम चित्रा निर्वाल ने पुलिस बुलवाई और सभागार को खुलवाया। इसके बाद ब्लॉकवार काउंटर बनाकर जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन जमा करने का काम शुरू किया गया। सभागार में काफी संख्या में खुटार, पुवायां, बंडा और सिंधौली के अभिभावक पहुंचने से व्यवस्था बिगड़ गईं। अभिभावक गर्मी और उमस में परेशान घूमते दिखे।
जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन के साथ शपथपत्र भी लगाना होता है, लेकिन वकीलों ने आंदोलन के कारण शपथपत्र नहीं बनाए। इससे आवेदन बिना शपथपत्र के ही जमा कराए गए। बीईओ कृष्ण कुमार शुक्ला ने बताया कि फीडिंग के बाद ही आवेदन की सही संख्या सामने आ सकेगी।
पुवायां थाना समाधान दिवस में थी। अधिवक्ताओं ने तहसील सभागार को बंद करा दिया था। जानकारी होने पर मौके पर गई और सभागार को खुलवाकर जन्म प्रमाणपत्र कैंप का कार्य शुरू कराया।
-चित्रा निर्वाल, एसडीएम पुवायां
1033 लोगों ने किया आवेदन
जलालाबाद। तहसील सभागार में शनिवार को ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए डीएम के निर्देश पर विशेष शिविर लगाया गया। इस मौके पर क्षेत्र की दस न्याय पंचायतों से 1033 आवेदन सूचीबद्ध किए गए।
प्रत्येक न्याय पंचायत से एक शिक्षक को नोडल नियुक्त किया गया। प्रमाण पत्र के लिए आवेदक को बच्चे के माता-पिता के अलावा दो गवाहों के आधार कार्ड, आंगनबाड़ी व आशा कर्मचारी से जारी जन्म प्रमाण पत्र जमा कराए गए। आवेदन पत्र ग्राम पंचायत वार सूचीबद्ध करके संबंधित पंचायत सचिव को दे दिए। उनकी रिपोर्ट लगने के बाद प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा। इस दौरान एसडीएम प्रभात राय, तहसीलदार पैगाम हैदर, बीईओ शाहीन अंसारी आदि मौजूद रहे। संवाद
जन्म प्रमाण पत्र के लिए जमा कराए 492 आवेदन
कांट। ब्लॉक कार्यालय के सभागार में शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी शिव बोधन वर्मा की अध्यक्षता में विशेष शिविर लगाकर बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए ग्रामीणाें से आवेदन संकलित किए गए। इस मौके पर विभिन्न गांवों से आए 492 लोगों ने आधार सहित अन्य जरूरी प्रपत्र संलग्न कर आवेदन पत्र जमा किए। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आवेदनों की जांच और सक्षम अधिकारी के अनुमोदन के बाद प्रमाण पत्र जारी कर दिए जाएंगे। संवाद
पुवायां तहसील का सभागार खुलवाती एसडीएम। संवाद