पुवायां। एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति कंबाइन पर काम करने गए थे। रात 12 बजे वह अपने घर के चबूतरे पर बच्चों के साथ लेटी थी। इस बीच शिवओम आकर चारपाई पर बैठ गया और छेड़खानी करने लगा। शोर मचाया तो बच्चे जाग गए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर परिजन और गांव के लोग मौके पर आ गए। उनके देवर ने शिवओम को डांटा तो आरोपी मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
पानी के विवाद में मारपीट, दंपती व पुत्री घायल
पुवायां। पानी के विवाद में मारपीट होने से दंपती और उनकी पुत्री गंभीर घायल हो गए। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुवायां के मोहल्ला गांधीनगर निवासी रहसबिहारी ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर को पड़ोस के सुधीर कुमार से दरवाजे के सामने पानी फैलाने को लेकर कहासुनी होने पर सुधीर और उसकी पत्नी सोनी देवी उससे गाली-गलौज करने लगे थे। मना करने पर उसको, बचाने आई पत्नी सुमन और पुत्री रुपाली को पीटकर घायल कर दिया था। मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोट आई और एक हड्डी भी टूट गई। पत्नी और पुत्री के हाथ की अंगुलियां और हड्डी टूट गई है। आरोपी कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पुवायां। खुटार के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी सत्यनरायण मिश्रा की पुत्री शालिनी मिश्रा ने कोर्ट के आदेश पर बहन समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शालिनी मिश्रा बताया कि पिता ने उनके पक्ष में दो मंजिला मकान की वसीयत 15 जून 2010 को की थी। पिता की मृत्यु के बाद वह मकान की मालकिन हो गई। उनके और बहन रीना तिवारी के बीच मुकदमा चल रहा है। उनकी मां भी मुकदमे में पक्षकार थी और मां ने भी पिता की वसीयत को स्वीकार करते हुए उन्हें मकान मालिक माना था। रीना तिवारी ने पिता की फर्जी वसीयत तैयार करवा ली और उसे कोर्ट में भी प्रस्तुत कर दुरुपयोग किया। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रीना तिवारी, गवाहाें और वसीयत लेखक पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
युवती को ले जाने में रिपोर्ट दर्ज
पुवायां। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर की रात 12 बजे बंडा के गांव कर्रखेड़ा निवासी सुनील कुमार उनकी 18 वर्षीय पुत्री को कहीं ले गया। काफी तलाश करने पर भी पुत्री का पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद
चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
खुटार। पुरानी रंजिश में पीटकर घायल करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गांव जादौंपुर कलां निवासी तौफीक रजा ने पुलिस को बताया कि 12 सितंबर को वह बाग की ओर जा रहे थे। पुरानी रंजिश के चलते गांव के वकील, साबिर, जाकिर, रवि मोहम्मद ने घात लगाकर उनसे गाली-गलौज करना शुरू कर दी। मना करने पर पीटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर लोग आए तो आरोपी मौके से चले गए। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
अपहृत किशोरी की तलाश में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कुर्रिया कलां। एक गांव से दो माह पूर्व एक रिश्तेदार द्वारा बहला-फुसलाकर अपहृत की गई किशोरी को तलाश कराने के लिए शनिवार को भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि इस मामले में कांट थाने में गत माह रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ दिन बाद किशोरी को तलाश किया जा चुका है और आरोपी भी जेल भेजा जा चुका है। संवाद