पुवायां थाने में खड़ी बालेमऊ के प्रधान की क्षतिग्रस्त कार। संवाद
पुवायां। कार और ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मौके पर मौजूद ट्रैक्टर-ट्राॅली पकड़ने से साफ मना कर दिया। कार स्वामी का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर उनकी तहरीर तक नहीं ली गई।
बंडा के गांव बालेमऊ के प्रधान और पंचायतीराज प्रधान संगठन के ब्लॉक बंडा के अध्यक्ष हरवंश सिंह राना बृहस्पतिवार को कार से मोहम्मदी जा रहे थे। पुवायां-मोहम्मदी हाईवे पर गांव गौंटिया इकघरा मोड़ के पास कार और ट्रैक्टर-ट्राॅली में टक्कर से कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हरवंश की सूचना पर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हरवंश ने बताया कि इस बीच एक नेता की कॉल पहुंचने के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद ट्रैक्टर-ट्राॅली को थाने ले जाने से मना कर दिया। हरवंश के मुताबिक, वह कार को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने तहरीर लेने से भी मना कर दिया।
क्षतिग्रस्त कार थाने में खड़ी है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि थाने में कार कौन खड़ी कर गया है, इसकी जानकारी नहीं है। मामले में कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।