रोजा में निवाजपुर स्थित सेटेलाइट बस अड्डा। संवाद
- फोटो : roorkee
शाहजहांपुर। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह 19 अप्रैल को आएंगे। वह वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के साथ सेटेलाइट बस अड्डे, वर्कशॉप व शहर के बस अड्डे के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे। सेटेलाइट बस अड्डे के शुरू होने से लंबे रूट की बसों काे ठहराव मिलेगा।
17 जनवरी 2024 को अहमदपुर निवाजपुर में सेटेलाइट बस अड्डे समेत तीनों परियोजनाओं का परिवहन मंत्री ने शिलान्यास किया था। 12 करोड़ 48 लाख 51 हजार की लागत से सेटेलाइट बस अड्डा, पुवायां रोड पर 10 करोड़ 59 लाख 53 हजार रुपये से बस डिपो कार्यशाला व 18 करोड़ 94 लाख से शहर के अंदर स्थित बस अड्डे का सुंदरीकरण कराया गया।
तीनों कार्य पूर्ण होने के बाद परिवहन निगम को सुपुर्द कर दिए गए थे। मंत्रियों का समय नहीं मिल पाने के कारण लोकार्पण नहीं हो पा रहा था। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि रविवार की शाम को परिवहन मंत्री व वित्त मंत्री सेटेलाइटट बस अड्डे का लोकार्पण करेंगे।
स्टाफ नियुक्त किया
अब तक लंबे रूट की बसें सीधे हाईवे से निकल जाती थीं। ऐसे में यात्रियों को बरेली मोड़ पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता था। सेटेलाइट बस अड्डा बनने से लंबे रूट की बसों का ठहराव होगा। इसके लिए परिवहन निगम ने तीन क्लर्क, छह सुरक्षा कर्मी और एक इंचार्ज की नियुक्ति की है। उद्घाटन के बाद सेटेलाइट बस अड्डे पर कार्य शुरू हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, शहर के अंदर पूर्व की तरह बसों का संचालन होता रहेगा।