पुवायां। किशोरी की शादी की शिकायत पर शाहजहांपुर से चाइल्ड लाइन की टीम पुवायां पहुंची। देर रात तक वर और वधू पक्ष के लोग लड़की की आयु संबंधी कागजात टीम को नहीं दिखा सके हैं।
पीलीभीत की एक लड़की की शादी पुवायां क्षेत्र में तय हुई थी। 15 मई को शादी होनी थी। शादी के दिन किसी ने पीलीभीत चाइल्ड लाइन की टीम को सूचना दी कि जिस लड़की की शादी हो रही है, वह नाबालिग है। सूचना पर पीलीभीत चाइल्ड लाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजन को लड़की के बालिग होने तक शादी करने से मना किया था। इसके बाद भी लड़की की शादी कर दी गई।
मंगलवार को पुवायां में वर पक्ष की ओर से शादी के बाद दावत का आयोजन किया गया था। इस बीच किसी ने शाहजहांपुर की चाइल्ड लाइन टीम को सूचना दी कि रोक के बाद भी किशोरी की शादी कर दी गई है और मंगलवार को वर पक्ष ने दावत का आयोजन किया है। इस पर शाहजहांपुर से टीम के सदस्य पुवायां पहुंचे और पुलिस के साथ वर पक्ष के घर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। टीम के सदस्यों ने वधू की आयु संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन देर रात तक टीम को आयु संबंधी कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
चाइल्ड लाइन की सदस्य आशा सक्सेना ने बताया कि सूचना पर टीम जांच के लिए आई है। अभी तक लड़की की आयु संबंधी कागजात नहीं मिल सके हैं। इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि टीम के साथ पुलिस मौजूद है। टीम जो निर्णय लेगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।