त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत चार चरणों में मतदान संपन्न होने के बाद अब रविवार को सुबह आठ बजे से मतों की गिनती का काम सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर कराया जाएगा। इसके लिए नामित किए गए कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर्स ने शुक्रवार को सेंट पॉल्स इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर चुनाव प्रेक्षक जगदीश प्रसाद, डीएम शुभ्रा सक्सेना, सीडीओ एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत पुलकित खरे आदि ने मतगणना के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग से जारी दिशा निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका अनुपालन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारियों को डीएम ने निर्देश दिए कि मतगणना शुरू करने से पहले प्रत्याशियों के एजेंटों को मतपेटी की सील दिखाएं और उनके संतुष्ट होने के बाद ही सील खोलें। प्रपत्र लेखा से मतपत्रों का मिलान अनिवार्य रूप से करें और मतपेटिका खाली करके उसे भी एजेंटों को दिखाएं। जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के वार्डों की मतगणना एक साथ होगी और वोटों की गिनती काम पूर्ण होने तक जारी रहेगी।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक कक्ष में दो मेजें परस्पर मिलाकर रखी गई हैं, जिन्हें एक मेज माना जाएगा। प्रत्येक कक्ष में दो सेट मेजों के लगाए जाएंगे। प्रत्येक मेज सेट पर आठ मतगणना कर्मचारी और दो पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। सुबह आठ बजे से आरंभ होने वाली पहली शिफ्ट के कर्मचारी सुबह छह बजे तक अनिवार्य रूप से संबंधित ब्लॉक कार्यालय पहुंच जाएं। इसी तरह दूसरी शिफ्ट के कर्मचारी सायं छह बजे तक ब्लॉक कार्यालय पहुंचेंगे। सीडीओ खरे ने निष्पक्ष और निष्ठापूर्वक मतगणना पर जोर देते हुए मतों की गिनती से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला।
सीडीओ ने संबंधित कर्मचरियों को निर्देश दिए कि वे मतगणना से संबंध्धित स्टेशनरी और सामग्री पहले से प्राप्त कर लें। डीडीओ पीपी त्रिपाठी ने संदिग्ध मतपत्रों की बंडलिंग और उनके रखरखाव की जानकारी दी। इसी कड़ी में जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अजय प्रकाश ने मतगणना में आरओ और एआरओ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में 35 मास्टर ट्रेनर्स, 1094 मतगणना पर्यवेक्षक, 44 गणना सहायक और 1336 मतगणना सहायक शामिल रहे।