मीरानपुर कटरा में घटना के बाद जांच करती पुलिस। संवाद
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। विद्युत उपकेंद्र के पीछे नहर की पटरी पर झोंपड़ी डालकर रहने वाले तांत्रिक अनिल कश्यप उर्फ अन्नू (60) की हत्या कर दी गई। उनका सड़ा-गला शव मंगलवार को सूखी नहर में पुआल के ढेर के नीचे दबा मिला। नजदीक ही खून से सना डंडा भी पड़ा था।
जिला परिषद के अस्पताल में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत बनवारी लाल कश्यप का पुत्र अनिल कश्यप उर्फ अन्नू तांत्रिक था। पूर्व में वह परिवार के साथ जिला परिषद के अस्पताल परिसर में ही बने आवास में रहता था। पिता की मौत के बाद से अनिल नहर की पटरी पर डाली गई झोंपड़ी में अकेले रहकर तंत्र अनुष्ठान करने लगा।
नहर पटरी होने के चलते झोंपड़ी की ओर लोगाें का आना-जाना कम रहता था। मंगलवार को दोपहर किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से काॅल कर थाना पुलिस को नहर की पटरी में शव पड़ा होने और आसपास दुर्गंध आने की सूचना दी। शाम करीब छह बजे प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल और इंस्पेक्टर अपराध जितेंद्र सिंह ने पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की।
यहां झोंपड़ी के सामने पुआल के नीचे अन्नू का शव पड़ा मिला। सीओ ज्योति यादव ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस को छानबीन के दौरान शव के पास से किसी बच्चे के कपड़े, तंत्र विद्या की किताबें, मानव खोपड़ी और खून से सना डंडा मिला।
पुलिस के अनुसार, खून से सना डंडा झोंपड़ी में तांत्रिक द्वारा लगाई गई पताका से तोड़कर निकाला गया था। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तांत्रिक की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पांच से छह दिन पुराना लग रहा शव
नहर पटरी के पास कुछ वर्ष पहले अन्नू ने झोंपड़ी डाल ली थी। यहीं पर उसने नल लगवा लिया। पुलिस की जांच में शव पांच से छह दिन पुराना लग रहा है। पुलिस अब उसके परिजनों की तलाश कर रही है। पूर्व में उसका भाई मोहल्ला सराय में रहता था।