पुवायां के गांव मजीदापुर में मंदिर की दीवार पर लगे शिलापट तोड़ने की जानकारी पाकर पुलिस गांव
पुवायां। गांव मजीदापुर में मंदिर के गेट के दोनों ओर लगे शिलापटों को असामाजिक तत्वों ने तोड़ डाला। इससे गांव के लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव मजीदापुर में 35 वर्ष पूर्व शनिनाथ बाबा ने मंदिर की नींव भरवाई थी। ग्रामीणों ने आपस में सहयोग कर वर्ष 1993 में मंदिर का निर्माण कराया था। वर्ष 2023 में गांव के विवेक श्रीवास्तव ने अपने भाई की याद में मंदिर की चहारदीवारी कराई थी और गेट का निर्माण कराया था। विवेक ने मंदिर के गेट के दोनों ओर निर्माण कराने संबंधी शिलापट भी लगवाए थे।
शुक्रवार रात असामाजिक तत्वों ने दोनों शिलापट तोड़ दिए। शनिवार सुबह जानकारी होने पर गांव के लोगों में नाराजगी फैल गई। तमाम लोग मंदिर पर पहुंचे और नाराजगी जताई। गांव के लोगों ने बताया कि इससे पूर्व एक बार गेट का ताला भी तोड़ा जा चुका है। इसकी शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी।
थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि सूचना पर निरीक्षक क्राइम को मौके पर भेजा गया था। पुजारी ने बताया है कि किसी शराबी ने शिलापट तोड़ किए हैं। अमन कुमार और गांव के अन्य लोगों की संयुक्त तहरीर मिली है। कार्रवाई कराई जा रही है।