पुवायां रोड पर अवैध स्टैंड पर खड़े ऑटो। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। अवैध रूप से संचालित स्टैंडों को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। बरेली मोड़ समेत कई स्थानों पर अवैध रूप से स्टैंड संचालित हो रहे हैं, जबकि पुलिस के आंकड़ों में कोई अवैध स्टैंड नहीं है। मामले को लेकर छावनी परिषद के पूर्व सदस्य निशांत यादव ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है।
बरेली मोड़ पर पुलिस चौकी के नजदीक अवैध स्टैंड से इको वैन, ऑटो, टाटा मैजिक आदि वाहन दौड़ रहे हैं। इको वैन बरेली तक रोडवेज बस से कम किराये पर पहुंचा देती है। राजस्व को चपत लगने पर अनुबंधित बस ऑनर्स एसोसिएशन ने जिले के अधिकारियों से लेकर कमिश्नर तक शिकायत की, इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
इसी तरह जीआईसी तिराहे, अशफाक नगर चौकी, हरदोई बाइपास समेत कई जगह पर अवैध स्टैंड चल रहे हैं। इन स्थानों पर पूरे दिन वाहन खड़े रहते हैं। रोडवेज बस अड्डे और महिला थाने के बीच इको वैन, टाटा मैजिक व ऑटो खड़े रहते हैं। उसके बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती है। अवैध स्टैंडों पर यातायात पुलिस शिकंजा नहीं कस पा रही हैं। पुलिस के आंकड़ों में कोई स्टैंड नहीं हैं। यातायात निरीक्षक बच्चू सिंह के अनुसार, इन स्थानों पर वाहनों का आना-जाना रहता है। यहां पर अवैध स्टैंड नहीं हैं।
फोटो 11
अवैध वसूली पर लगाई जाए रोक
छावनी परिषद के पूर्व सदस्य निशांत यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नगर क्षेत्र में पुवायां व निगोही रोड पर अवैध स्टैंड से वसूली किए जाने का आरोप लगाया है। पत्र में आरोप लगाया है कि छावनी परिषद ने आवंटित ठेका स्टैंड वसूली एक स्थान पर निश्चित किया। जबकि ठेकेदार निगोही रोड, पुवायां रोड आदि पर निकलने वाले वाहनों से वसूली कर रहा है।