थाना मुख्यालयों पर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले समाधान दिवसों में जन शिकायतों की सुनवाई के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेेंगे। इसके लिए डीएम ने जुलाई से लेकर सितंबर तक होने वाले समाधान दिवसों का रोस्टर जारी कर दिया है।
इसके तहत तीनों माह के पहले शनिवार को थाना सदर बाजार में नायब तहसीलदार सदर, थाना रामचंद्र मिशन में एसडीएम सदर, कांट में तहसीलदार सदर, सेहरामऊ दक्षिणी में एडीएम वित्त एवं राजस्व, तिलहर में वहां के एसडीएम, कटरा में तहसीलदार सदर, पुवायां में वहां के तहसीलदार, बंडा में पुवायां के नायब तहसीलदार, खुटार में पुवायां के एसडीएम, सिंधौली में एडीएम प्रशासन, जलालाबाद में वहां के एसडीएम, मिर्जापुर में जलालाबाद के तहसीलदार और थाना कलान में जलालाबाद के नायब तहसीलदार मौजूद रहेंगे।
इसी तरह माह के तीसरे शनिवार को शहर कोतवाली में एडीएम वित्त एवं राजस्व, रामचंद्र मिशन में एडीएम प्रशासन, रोजा में नायब तहसीलदार सदर, मदनापुर में एसडीएम सदर, सेहरामऊ दक्षिणी में तहसीलदार सदर, निगोही में तिलहर के एसडीएम, गढ़िया रंगीन में तिलहर के तहसीलदार, बंडा में पुवायां के एसडीएम, खुटार में नायब तहसीलदार पुवायां, सिंधौली में पुवायां के तहसीलदार, मिर्जापुर में जलालाबाद के नायब तहसीलदार, कलान में जलालाबाद के एसडीएम और परौर थाने में जलालाबाद के तहसीलदार जन शिकायतों की सुनवाई और निस्तारण करेंगे।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समाधान दिवसों में भूमि विवाद, दबंगों द्वारा उत्पीडन, शारीरिक हिंसा, जोर-जबरदस्ती से संबंधित मामलों के समाधान के लिए दोनों पक्षों और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में एक साथ सुनवाई करके पंचायती तरीके से मौके पर ही समस्याएं निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस थाने में किन्हीं कारणों से राजस्व अधिकारी नहीं होंगे, वहां संबंधित तहसीलदार अपने स्तर से राजस्व निरीक्षकों की तैनाती करेंगे।