भावलखेड़ा। मोहल्ला फत्तेपुर चुंगी में दुकानों पर कब्जा करने की नीयत से कुछ लोगों ने जेसीबी से उनका लिंटर गिराने का काम शुरू करा दिया। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान के मालिक पर हमला कर दिया। पुलिस ने मोहल्ले के माजिद अली खां की तहरीर के आधार पर एक नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दुकान के मालिक माजिद अली खां ने पुलिस को बताया कि उनकी फत्तेपुर चुंगी के पास दुकानें हैं। उनकी दुकानों पर सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला जलालनगर निवासी अलीदाद खां उर्फ सदाकत कब्जा करना चाहता है। एक बार पहले भी उसने कब्जे का प्रयास कर दुकानों में तोड़फोड़ की थी। इस मामले में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
बृहस्पतिवार को देर रात करीब 2:30 बजे आरोपी अलीदाद खां छह-सात अज्ञात लोगों के साथ जेसीबी मशीन लेकर आया और दुकानों का लिंटर गिरा दिया। मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए गालीगलौज और मारपीट की।
थाना रामचंद्र मिशन के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में आरोपी अलीदाद खां समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। संवाद