शाहजहांपुर। बहादुरपुरा (वार्ड-2) की सीवर लाइन के कार्यों ने सूरत बिगाड़ दी है। जलापर्ति लाइन बार- बार क्षतिग्रस्त होने से गलियों में हमेशा कीचड़ रहता है। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शुक्रवार को महापौर जनता के द्वार : वार्ड चौपाल कार्यक्रम में लोगों ने 13 शिकायतें दर्ज कराईं। इसमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। गीता शुक्ला ने बताया कि वार्ड में सीवर कार्य के दौरान जलापूर्ति की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से लीकेज की समस्या अधिक हो गई है। रशीदा ने बताया कि छह माह से घरों में पानी की आपूर्ति बंद है। कई बार कहने के बावजूद निगम के कर्मचारी नहीं सुनते और समस्या जस की तस बनी हुई है।
कमलेश वाजपेयी ने बताया कि बाबा विशेश्वरनाथ मंदिर के दक्षिण दिशा में स्थित नाली की रोजाना सफाई नहीं होती है। इससे बदबू उठती रहती है। ऐसे में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।
महापौर अर्चना वर्मा ने समस्याएं सुनने के बाद वार्ड का निरीक्षण भी किया। इस दाैरान रेलवे के खाली मैदान पर बना डलावघर टूटा पाया गया। कुछ लोगों द्वारा रोड पर ही निर्माण कराकर पानी के निकास को बंद करा दिया गया, जिससे सड़क पर नाली का पानी बहता मिला।
समस्याओं को सुनकर व देखकर महापौर ने संबंधित को निस्तारण के लिए निर्देश दिए। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, महाप्रबंधक (जल) सौरभ श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता (निर्माण) आशीष त्रिवेदी, राजस्व निरीक्षक शिवपूजन, हनुमत धाम मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, पूर्व सभासद हरीश बजाज मौजूद रहे।