तिलहर की कुंवरगंज पीएचसी में मरीज देखते डॉक्टर। संवाद
शाहजहांपुर। भीषण सर्दी न केवल बच्चों और बुजुर्गों बल्कि युवाओं की सेहत भी खराब करने लगी है। शाम से पूरी रात और सुबह देर तक कोहरा छाए रहने से खांसी-जुकाम, जाड़ा बुखार, पेट में संक्रमण से कोल्ड डायरिया और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े है।
तिलहर। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में रविवार को कुल 170 मरीजों का पंजीकरण किया गया। राजनपुर पीएचसी पर तैनात डॉ. अभिषेक जौहरी ने बताया कि अस्पताल पहुंचे 60 मरीजों की जांच में ज्यादातर मौसमी बीमारियों से पीड़ित पाए गए। कई छोटे बच्चे लगातार सर्दी-खांसी बने रहने से निमोनिया जैसे लक्षण से पीड़ित मिले तो कई बुजुर्गों ने कोहरे में सांस फूलने की समस्या बढ़ने की शिकायत की। ऐसे करीब 20 मरीजों के रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
रमापुर पीएचसी के फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने बताया कि अधिकतर मरीज वायरल बुखार, बदन दर्द, खांसी और शारीरिक कमजोरी से परेशान मिले। कुंवरगंज पीएचसी के प्रभारी डॉ. अनुराग गुप्ता ने 60 मरीजों का उपचार करने के साथ 15 मरीजों से खून के नमूने लिए।
खुदागंज क्षेत्र में बुखार और अस्थमा के बढ़े मरीज
खुदागंज। मौसम में बदलाव से क्षेत्र में वायरल बुखार और अस्थमा के मरीज बढ़ रहे हैं। हसनापुर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में पीएचसी के प्रभारी डॉ. फहीम खां ने बताया कि विभिन्न गांवों से 16 मरीज पहुंचे। उनके स्वास्थ्य की जांच करने पर बुखार से नौ मरीज पीड़ित पाए गए। चार लोगों ने खांसी ओर सांस लेने में दिक्कत की समस्या बताई। इसके अलावा दो लोग दाद-खुजली जैसे चर्म रोग से पीड़ित भी मिले। संवाद