पुवायां। मामूली बारिश में ही हाईवे किनारे नाले से गंदा पानी बाहर निकलकर दुकानों में भरने के मामले में सोमवार को एसडीएम सदानंद सरोज और ईओ कल्पना शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया। एसडीएम ने नाले की सफाई के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं।
पांच जुलाई की सुबह कुछ देर की बारिश के बाद ही हाईवे किनारे बना नाला उफना गया था। नाले का गंदा पानी दुकानों में भरने से व्यापारियों का सामान भीग गया था। दुकानदारों ने बाल्टियों से पानी बाहर निकाला था।
संवाद न्यूज एजेंसी की खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद सोमवार शाम एसडीएम और ईओ नगरपालिका कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। दुकानदारों ने बताया कि नाले के पानी का निकास नहीं है। सफाई नहीं होने के कारण नाला बंद होने से गंदा पानी दुकानों में भर जाता है, इससे उनका नुकसान हो जाता है।
एसडीएम ने ईओ से कहा कि नाले की सफाई कराई जाए, जिससे दुकानदारों को परेशानी न हो। ईओ ने कहा कि जहां-जहां जलभराव हो रहा है, वहां सफाई सहित जो भी व्यवस्था होगी, कराई जाएगी।
-
कई जगहों पर मुआयना किया है। बंडा रोड पर जल निकासी के लिए नगर पालिका की ओर से एक पत्र पीडब्ल्यूडी को भेजा जाएगा और नाला ठीक कराया जाएगा। इसके अलावा दिन में कई स्थानों पर भ्रमण किया गया है और ईओ को कर्मचारी लगाकर सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। अगले दिन भी अन्य स्थानों को देखा जाएगा।
-सदानंद सरोज, एसडीएम पुवायां