पुवायां के गोमती नदी में चकलुआ घाट पर तैर रही बोरियां
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। क्षेत्र के गोमती नदी में चकलुआ घाट पुल के पास उतरा रहीं कई बोरियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि ये बोरियां डाले जाने के दो-चार दिनों बाद बदबू आने लगती है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कुछ माह पूर्व गोमती नदी के पन्न घाट पर अज्ञात लोग बोरियों में कुछ भरकर नदी में डाल जाते थे। बोरियां डाले जाने के दो चार दिनों बाद बदबू आने लगती थी। इससे पन्न घाट पर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। लोगों ने बोरियां नदी में फेंकने वालों पर निगाह रखना शुरू किया तो वहां पर बोरियां डालने का काम बंद कर दिया गया।
अब ठीक उसी प्रकार से किसी चीज से भरी हुईं बोरियां गोमती नदी के चकलुआ घाट पुल से डाली जाने लगी हैं। पुल से निकलने वाले लोगों ने बताया कि नदी में उतराने के कारण कोई अंदर घुसकर खोलकर देखने की हिम्मत नहीं कर रहा है कि इनके अंदर क्या भरा होता है। सीओ बीएस वीरकुमार ने बताया कि प्रकरण थाना पुलिस के संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराई जाएगी।