शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर मालगोदाम के पास बनीं दुकानों को तोड़ते लोग। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। मालगोदाम मार्ग पर रेलवे की जमीन पर बनीं करीब 12 दुकानों के कब्जेदारों को फिर नोटिस दी गईं हैं। उनसे स्वयं कब्जा नहीं हटाने पर बृहस्पतिवार को जेसीबी मशीन से तोड़ने की चेतावनी दी गई है। ऐसे में रेलवे अफसरों की सख्ती के बाद लोगों ने अपनी दुकानों को खुद ही तोड़ना शुरू कर दिया है।
रेलवे मालगोदाम मार्ग पर लोगों ने रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर दुकानें बना लीं। कुछ लोगों ने खोखे रख लिए। गत दिनों मुरादाबाद के अफसरों ने निरीक्षण कर कब्जे देखकर नाराजगी जताई थी और जगह खाली कराने के निर्देश दिए थे। उसके बाद आईओडब्ल्यू ने नोटिस जारी किए थे।
कब्जेदारों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी कि सामान नहीं हटाया तो बृहस्पतिवार को अवैध कब्जे ध्वस्त कर दिए जाएंगे। इसके बाद लोगों ने अपनी दुकानें खुद ही तोड़ना शुरू कर दी हैं। दूसरी ओर रेलवे ने एसपी से पत्राचार कर पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है।