शाहजहांपुर। प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले विद्यार्थियों को यूपी बोर्ड ने अंतिम मौका दिया गया है। जनपद में प्रयोगात्मक परीक्षा से गैरहाजिर रहे 1756 परीक्षार्थी सात और आठ अप्रैल को पुन: शामिल हो सकेंगे। सभी छूटे विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जीआईसी में संपन्न कराई जाएंगी। परीक्षा के लिए जल्द ही परीक्षक आवंटित किए जाएंगे।
नौ फरवरी से 182 केंद्रों पर प्रयोगात्मक परीक्षा कराई गई थी। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर आंतरिक और वाह्य परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन परीक्षा में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राएं उपस्थित नहीं हो सके थे। विभिन्न कारणों से 1756 परीक्षार्थियों ने प्रयोगात्मक परीक्षा छोड़ दी थी।
उस समय बोर्ड ने परीक्षार्थियों को राहत देते हुए दोबारा से मौका देने की बात कही थी। परीक्षा और मूल्यांकन समाप्त होने के बाद छूटे हुए छात्र-छात्राओं को दोबारा से मौका दिया गया है। इसके तहत इंटरमीडिएट में प्रयोगात्मक परीक्षा से छूटे परीक्षार्थी सात और आठ अप्रैल को जीआईसी में परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा पूर्व में दिए निर्देशों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परिषद से नियुक्त परीक्षकों द्वारा कराई जाएगी। इसके बाद अब दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
इन विषयों की होगी परीक्षा
छूटे हुए परीक्षार्थियों की भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान व अन्य प्रयोगात्मक परीक्षाएं जीआईसी के केंद्र पर होंगी। परीक्षा के लिए छात्र को चार्ट, पेपर आदि सामग्री लेकर आना होगा।