पुवायां। डीएपी पकड़े जाने के मामले में जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक राहुल कुमार ने डीएम की अनुमति के बाद सहकारी संघ ढकिया रघा के प्रभारी और खाद ले जा रहे वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में प्रभारी पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है।
पुवायां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 14 अगस्त की रात 60 बोरी डीएपी लदी पिकअप को पकड़कर अधिकारियों को सूचना दी थी। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी कार्यालय से आई टीम ने खाद का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। डीएम की अनुमति से दर्ज कराई रिपोर्ट में राहुल कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को पुवायां थाने से सूचना मिली कि तिलहर के गांव ढकिया रघा सहकारी संघ से 60 बोरी डीएपी बंडा के गांव इंदलपुर ले जाई जा रही है।
पुवायां के मोहल्ला आनंद वाटिका का पिकअप चालक अंकुर सिंह खाद लेकर जा रहा था। पुलिस ने चेक किया तो खाद का बिल नहीं मिला। इसके बाद कृषि अधिकारी कार्यालय से टीम ने खाद का सैंपल लिया।
इसके बाद टीम ने सहकारी संघ ढकिया रघा पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि 60 बोरी डीएपी आठ से 13 अगस्त तक किसानों के अंगूठे लगवाकर पीओएस मशीन से निकलवा ली गई लेकिन उनको नहीं दी गई। यही खाद पिकअप से इंदलपुर भेजी गई।
रिपोर्ट के अनुसार संघ के प्रभारी रोहित सिंह ने किसानों को भ्रमित कर अंगूठा लगवाकर डीएपी एकत्र की और ओवररेट में ब्लैक कर दी। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर संघ के प्रभारी रोहित सिंह और वाहन चालक अंकुर सिंह पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।