राइट टू एजुकेशन को मान्यता प्राप्त बेसिक स्कूलों में लागू करने की मांग करते हुए अशासकीय विद्यालय बेसिक शिक्षक महासभा की ओर से बीएसए दफ्तर में धरना दिया गया। बेसिक शिक्षक वहां से जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। डीएम के न मिलने पर वापस लौटकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए को दिया। साथ ही उनकी मांगें पूरी कने की बात कही।
शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेश शर्मा ने कहा कि पूर्व में लागू संस्कृत (त्रिभाषा) वेतन दोबारा लागू किया जाए, दशमोत्तर की भांति बेसिक में भी छात्रवृत्ति मिले, मान्यता के लिए बंधक रखे जाने वाली एनएससी पर ब्याज दिया जाए और क्षतिपूर्ति दावा के रूप में प्रति छात्र 200 रुपये दिया जाए। जिलाध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि अग्निशमन यंत्रों की अनिवार्यता समाप्त की जाए और पांच वर्ष तक शिक्षण कार्य करने वालों को प्रशिक्षित होने का प्रमाण पत्र मिले। प्रदेश उपाध्यक्ष सीपी सिंह ने मान्यता में सरलीकरण, जीवकोपार्जन के लिए मानदेय और खंड निर्वाचन के लिए मताधिकार करने का अधिकार देने की मांग की। धरना देने वालों में मनोज सिंह, किरन शर्मा,श्रद्धा सिंह, ज्योति, सौम्या गुप्ता, उर्वशी, मधू सिंह, नीतू शर्मा, अविनाश चंद्र, नरवीर मौर्य, मुनीश परिहार, आशुतोष मिश्रा, ब्रजपाल, सूरज प्रसाद वर्मा, सुबोध यादव, रुद्र प्रताप सिंह, अमित भारद्वाज, गजेंद्र सिंह,राकेश कुमार, राजाराम पाठक, सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।