शाहजहांपुर। स्मार्ट सिटी की सड़कों और फुटपाथों को लोगों ने घेर रखा है। अफसरों की अनदेखी से पंखी चौराहा से घंटाघर तक ग्रिल के बाहर दुकानें सजी होने से लोगों का निकलना दूभर है। इसी तरह हर सप्ताह लगने वाली बुधवार और चौक की बाजार शिफ्ट होने से व्यापारी भी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। शुक्रवार को प्रमुख सड़क की स्थिति की पड़ताल की गई।
दिन में करीब एक बजे सदर बाजार से पंखी चौराहा पर रखे बैरियर को पार करते ही सड़क के दोनों ओर दुकानों के सामने वाहन खड़े मिले। यहां पर सफेद पट्टी के अंदर वाहन खड़े करने की व्यवस्था लागू की गई है लेकिन कहीं पर भी पालन होता नजर नहीं आया।
आर्य महिला डिग्री कॉलेज के पास बैरियर के दोनों ओर सड़क को रेडीमेड कपड़े वालों ने घेर रखा था। संकरी सड़क होने के चलते लोगों का निकलना दूभर था। कुछ आगे बहादुरगंज तिकुनिया को ठेले वालों ने घेर रखा था। यह दुकानों के आगे अपना ठेला लगाकर बिक्री कर रहे थे। बहादुरगंज पुलिस बूथ के सामने ग्रिल के बाहर लोगों ने सामान रख रखा था। थोड़ी सी भीड़ बढ़ने पर जाम की स्थिति बन जा रही थी।
इसी तरह पचराहा वाले मार्ग पर भी फल, गद्दों आदि की दुकानों के ग्रिल के आगे तक सामान रखा मिला।
पार्किंग स्थल में नहीं खड़े होते वाहन
बाजारों में वाहनों को खड़ा करने के लिए नगर निगम ने पार्किंग स्थल बनवाए हैं, लेकिन वहां वाहन खड़े नहीं किए जाते हैं। दुकानदार और ग्राहक अपने प्रतिष्ठान के सामने ही वाहनों को खड़ा करते हैं। गत दिनों वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए कहा था। उसके बाद भी लोग संज्ञान नहीं ले रहे हैं।
मंडी से बाजार कर दी शिफ्ट, अव्यवस्थाओं से दुकानदार परेशान
चौक क्षेत्र की मंडी में एबी रिच कॉलेज की दीवार से सटाकर प्रत्येक शुक्रवार को लगने वाले बाजार को शिफ्ट कर दिया गया है। बाजार को जियाखेल में खाली पड़ी जमीन पर लगवाया गया। बाजार शिफ्ट होने से दुकानदार काफी परेशान हैं।
यहां उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अंदर से मोहल्ले के अंदर भेजी गई बाजार में करीब 200 से ज्यादा दुकानें प्रत्येक शुक्रवार को लगती हैं। यह जगह समतल नहीं होने के साथ ही यहां रेत व मिट्टी पड़ी हुई है। व्यापारियों के अनुसार, तेज हवा चलने पर बिक्री का सामान गंदा हो जाता है। बारिश होने पर जलभराव की स्थिति बन जाती है।
पर्याप्त जगह नहीं होने से ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है। इसके अलावा पानी के लिए दो नल लगे हैं। उसमें भी साफ पानी नहीं आता है। नल से निकलने का पानी का निकास नहीं होने से कीचड़ हो जाता है। शौचालय भी नहीं बने हैं। व्यापारियों के अनुसार, शहर के अंदर बाजार में बेहतर बिक्री होती थी, लेकिन अब स्थिति काफी खराब है। इसी तरह बहादुरगंज में लगने वाले बुध बाजार को बहादुरगंज पुलिस चौकी के पास शिफ्ट कर दिया गया है। यहां भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
होमगार्डों के ऊपर छोड़ दिया चौराहा, लग रहा जाम
शहर के अंदर यातायात पुलिस की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शुक्रवार को दिन में 2:45 बजे लाल इमली चौराहा से यातायातकर्मी नदारद मिले। यहां पर चार होमगार्ड व पीआरवी के जवान ही व्यवस्था संभाले थे। वाहनों की संख्या बढ़ने पर जाम की स्थिति बन गई। चारों ओर से ई-रिक्शा, बाइक, कार आदि की लंबी लाइन लग गई। करीब 30 मिनट तक लोग जाम में फंसे रहे।
जियाखेल में बाजार को शिफ्ट कर दिया है। इसका असर कारोबार पर पड़ा है। पानी और शौचालय तक की व्यवस्था नहीं हैं। दुकानदार यहां काफी परेशान हैं।
- नसीम, कपड़ा व्यापारी
मैदान समतल नहीं होने के साथ ही रेता व मिट्टी पड़ी है। तेज हवा चलने पर मिट्टी से कपड़ों व अन्य उत्पाद खराब हो जाते हैं। अफसरों को संज्ञान लेना चाहिए।
- गालिब, व्यापारी
मुख्य सड़कों पर लगने वाले ठेले-खोमचों को कहीं खुली जगह पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार हो रही है। सभी को एक स्थान पर दुकान लगाने की सुविधा देंगे। ग्रिल के बाहर सामान रखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ.बिपिन मिश्रा, नगर आयुक्त
शाहजहांपुर में लाल इमली चौराहा पर लगा जाम। संवाद- फोटो : reasi news
शाहजहांपुर में लाल इमली चौराहा पर लगा जाम। संवाद- फोटो : reasi news
शाहजहांपुर में लाल इमली चौराहा पर लगा जाम। संवाद- फोटो : reasi news
शाहजहांपुर में लाल इमली चौराहा पर लगा जाम। संवाद- फोटो : reasi news