शाहजहांपुर। आवास विकास कॉलोनी के गोल चौराहे के पास ऑटो से घर जा रहे ससुर-दामाद को बेल्टों से दौड़ाकर पीटे जाने के मामले में पुलिस ने आरोपियों की कार के नंबर जुटा लिए हैं। आरोपी आरसी मिशन थाना क्षेत्र के रौसर कोठी के बताए जा रहे हैं।
सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर तलाश शुरू कर दी गई है। चौक कोतवाली इलाके के गांव मौजमपुर निवासी परशुराम अपने दामाद सुरेंद्र के साथ ऑटो से शुक्रवार की रात घर जा रहे थे। तभी रास्ते में नशे की हालत में मिले दो युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
युवकों ने अपने अन्य साथी बुला लिए और परशुराम व सुरेंद्र को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट में परशुराम की आंख में गंभीर चोट आई थी। सुरेंद्र भी घायल हो गए थे। रविवार को पुलिस ने आरोपियों की कार के नंबर के आधार पर तलाश शुरू की। तब प्रकाश में आया कि कार रौसरकोठी के एक व्यक्ति के नाम पर है।
जांच में पता चला है कि आरोपी बरेली मोड़ स्थित एक ढाबे से जन्मदिन मनाकर आ रहे थे। पुलिस ने मौके पर लगे सीसी कैमरे भी चेक किए। इंस्पेक्टर कोतवाली चौक अश्विनी सिंह ने बताया कि गाड़ी नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगाया गया है। आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी