पुवायां सीएचसी पर टार्च की रोशनी में दवा लिखते डॉ. संजीव कुमार। संवाद
पुवायां। सीएचसी में लगा इन्वर्टर खराब होने पर सोमवार दिन में एक घंटे तक रोगियों और कर्मचारियों को समस्या का सामना करना पड़ा। इस दौरान मोबाइल फोन की टाॅर्च की रोशनी में रोगी देखे गए।
सीएचसी पर सोमवार को अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पता चला कि बिजली सप्लाई बाधित है और इन्वर्टर भी खराब हो गया है। इसके बाद अधीक्षक डॉ. नरेंद्र पाल ने मैकेनिक को बुलाया। लगभग एक घंटे बाद इन्वर्टर सही होने पर बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। इन्वर्टर की खराबी के कारण ओपीडी सहित सभी कक्षों में अंधेरा हो गया। इस दौरान जनरेटर भी नहीं चलाया गया।
डॉक्टर ने रोगियों से मोबाइल की टाॅर्च जलवाकर उपचार किया और दवा लिखी। टाॅर्च की रोशनी में ही दवा वितरण और अन्य कार्य किए गए। रोगियों और तीमारदारों ने अस्पताल जैसी जगह पर बिजली गुल होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीएचसी पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं रखी जानी चाहिए।
इन्वर्टर खराब होने से समस्या हुई थी। तत्काल ही मैकेनिक को बुलाकर इन्वर्टर सही करा दिया गया था। कुछ ही देर के लिए दिक्कत होने के कारण जनरेटर नहीं चलवाया गया था।
- डॉ. नरेंद्रपाल, अधीक्षक सीएचसी पुवायां