शाहजहांपुर। नगर निगम की सीमा में चलने वाले डग्गामार वाहन सिटी बस सेवा को प्रभावित कर रहे हैं। इनकी वजह से ई-बस सेवा के राजस्व को चपत लग रही है। ई-बस सेवा के प्रभारी ने यातायात पुलिस से पत्राचार कर मदद मांगी है, जिससे ई-बसों में सवारियाें की संख्या बढ़ सकें।
बरेली मोड़ से रोजा व बरतारा, निगोही रोड पर सतवां समेत कई इलाकों में ई-रिक्शा, मैजिक और इको वैन दौड़ रही हैं। जल्दी पहुंचने के लिए यात्री डग्गामार वाहनों में बैठकर निकल जाते हैं, ऐसे में ई-बस सेवा को पर्याप्त सवारी नहीं मिल पातीं। राजस्व को बढ़ाने के लिए सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के प्रबंधक हुमायूं लारी ने सीओ यातायात से पत्राचार किया है।
इसमें बताया गया है कि नगर निगम सीमा व हाईवे पर डग्गामार वाहनों के संचालन के कारण ई-बसों के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बरेली मोड़ से बाया केरूगंज, खिरनीबाग, बरेली मोड़, पिपरोला, रोजा, बरतारा तक डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई की जाए। जिससे ई-बरों का सही से संचालन हो सके।
सीओ यातायात संजय कुमार ने बताया कि डग्गामार वाहनों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। एआरटीओ प्रवर्तन के साथ मिलकर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के निर्देश के बाद हाईवे से नहीं हटे ई-रिक्शा
हादसों पर रोक लगाने के लिए डीएम ने हाईवे पर ई-रिक्शों को हटाने के निर्देश दिए थे। उसके बावजूद हाईवे पर ई-रिक्शा दौड़ रहे हैं। बरेली मोड़ से कांट, रोजा और बरतारा और पुवायां मार्ग पर चिनौर से सिंधौली और कोरोकुइयां तक ई-रिक्शा से सवारियां लाई-ले जाई जा रहीं हैं। डीएम के निर्देश के बाद भी जिम्मेदार कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
डग्गामार वाहनों पर लगाम कसने के लिए अभियान चलाया जाएगा। जल्द ही यातायात पुलिस के साथ चेकिंग करेंगे। हाईवे पर भी ई-रिक्शा चलने से रोके जाएंगे।
- हरिओम, एआरटीओ प्रवर्तन